प्रो. सरचंद सिंह ख्याला | Updated on Sunday, October 25, 2026 19:05 PM IST
लेखक प्रो. सरचंद सिंह ख्याला।
(27 अक्टूबर, बाबा बंदा सिंह बहादुर के जन्मदिवस पर)
शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर का नाम सिख इतिहास, भारतीय इतिहास और मानव मुक्ति के संघर्ष में अत्यंत सम्मान के साथ लिया जाता है। वे केवल महान योद्धा ही नहीं, बल्कि ऐसे क्रांतिकारी नेता थे, जिन्होंने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के मिशन को आगे बढ़ाते हुए अत्याचार, सामंती व्यवस्था और सामाजिक असमानता को सीधी चुनौती दी। उन्होंने जाति-पाति और ऊँच-नीच के भेदभाव को नकारते हुए समाज के निचले समझे जाने वाले वर्गों को भी सम्मान, अधिकार और सत्ता में भागीदारी दिलाई।
उनका सबसे बड़ा योगदान सामाजिक क्रांति था। उन्होंने सामंती व्यवस्था को चुनौती देते हुए भूमि का मालिकाना हक उन किसानों को दिलाया, जो पीढ़ियों से उन जमीनों पर मेहनत करते और हल चलाते आ रहे थे। यह भारतीय उपमहाद्वीप के इतिहास में पश्चिमी देशों से भी पहले उठाया गया एक अनूठा और क्रांतिकारी कदम था।
वे ऐसे महान नेता के रूप में उभरे, जिन्होंने मुगल साम्राज्य के विरुद्ध खालसा सेना का नेतृत्व करते हुए उसकी जड़ें हिला दीं और कुछ ही वर्षों में पंजाब के आम लोगों का पहला खालसाई राज स्थापित किया। यह पंजाब की धरती पर सामाजिक न्याय, लोक-कल्याण और समानता के सिद्धांतों पर आधारित पहले खालसा राज की स्थापना थी। बाबा बंदा सिंह बहादुर द्वारा अपने नाम के बजाय श्री गुरु नानक देव जी और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर सिक्के चलवाना स्पष्ट करता है कि वे स्वयं को किसी राजवंश का संस्थापक नहीं, बल्कि गुरु साहिबान के मिशन का सेवक मानते थे।
बाबा बंदा सिंह बहादुर का जन्म 27 अक्टूबर, 1670 को राजौरी, वर्तमान जम्मू-कश्मीर में, एक राजपूत किसान परिवार में हुआ माना जाता है। उनका प्रारंभिक नाम लछमन दास था। शिकार के दौरान घटी एक घटना ने उनके मन पर गहरा प्रभाव डाला और वे सांसारिक जीवन से विरक्त हो गए। बाद में उन्होंने त्यागमय जीवन अपना लिया और माधो दास के नाम से जाने जाने लगे। वे दक्षिण भारत के नासिक में एक योगी के शिष्य बने और गोदावरी नदी के किनारे नांदेड़ में अपना डेरा स्थापित किया।
वर्ष 1708 में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से उनका मिलाप केवल दो व्यक्तियों की मुलाकात नहीं, बल्कि इतिहास की दिशा बदलने वाला एक महत्त्वपूर्ण क्षण था। इसके बाद उन्होंने अमृत छका और गुरबख्श सिंह नाम धारण किया। हालांकि, इतिहास में वे बाबा बंदा सिंह बहादुर के नाम से प्रसिद्ध हुए।
गुरु साहिब ने उन्हें मुगल शासन के अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष करने और लोगों को न्याय दिलाने के लिए पंजाब भेजा। इस मिशन के लिए उन्हें पाँच तीर, निशान साहिब, नगाड़ा और सिख संगतों को उनके नेतृत्व में एकजुट होने का संदेश देने वाले हुक्मनामे सौंपे गए।
बाबा बंदा सिंह बहादुर का मुगल शासन के विरुद्ध संघर्ष वर्तमान पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में केंद्रित था। उन्होंने समाना, सधौरा, कपूरि, थानेसर, कुरुक्षेत्र और सोनीपत जैसे क्षेत्रों को मुगलों से मुक्त कराया। यही कारण है कि हरियाणा सरकार बाबा बंदा सिंह बहादुर को उनकी धार्मिक पहचान से ऊपर उठकर एक लोकनायक, साझा सांस्कृतिक प्रतीक और राष्ट्रीय नेता के रूप में देखती है। उनकी विजयों ने आम लोगों में अत्याचार के विरुद्ध लड़ने का साहस पैदा किया। इसी कारण व्यापक भारतीय इतिहास में भी उन्हें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।
वर्ष 1710 में उन्होंने छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह को शहीद करवाने वाले सरहिंद के सूबेदार वजीर खान को चप्पड़चिड़ी के मैदान में पराजित कर सिख इतिहास का एक नया अध्याय लिखा। सरहिंद की विजय केवल एक सैन्य विजय नहीं, बल्कि न्याय की विजय थी। बाद में वे जालालाबाद, जालंधर और होशियारपुर ही नहीं, बल्कि खालसाई ध्वज को लाहौर की दीवारों तक ले जाने में भी सफल हुए।
उनके नेतृत्व में खालसाई शक्ति ने दोआबा और चंबा तक के पहाड़ी क्षेत्रों में अपना प्रभाव बढ़ाया। बाबा जी को शासन करने के लिए अधिक समय नहीं मिला, लेकिन अपने सात-आठ वर्षों के संघर्ष के दौरान उन्होंने तूफान की तरह मुगल सत्ता को गंभीर चुनौती दी। उनकी सेना में आम लोगों की बड़ी भूमिका थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने प्रशिक्षित सेनाओं पर विजय प्राप्त की और अत्याचार झेल रहे लोगों को नई उम्मीद दी।
लंबे संघर्ष के बाद बाबा बंदा सिंह बहादुर और उनके साथी गुरदास नंगल की गढ़ी (जिला गुरदासपुर) में शाही सेनाओं द्वारा घेर लिए गए। लंबी घेराबंदी और भारी कठिनाइयों के बाद, एक साजिश के तहत बाबा जी को गढ़ी से बाहर निकाला गया। इस घटना की तुलना आनंदपुर साहिब का किला छोड़ने के बाद श्री गुरु गोबिंद सिंह जी पर हुए हमलों से की जाती है। बाबा बंदा सिंह बहादुर और उनके सैकड़ों साथियों को गिरफ्तार करके दिल्ली ले जाया गया। इस काफिले में विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किए गए अन्य सिख भी शामिल थे।
वर्ष 1716 में दिल्ली की धरती पर सिखों की शहादत का ऐसा रक्तरंजित अध्याय लिखा गया, जिसकी कल्पना मात्र से हृदय कांप उठता है। बाबा बंदा सिंह बहादुर को शहीद किए जाने से पहले पुरानी दिल्ली के कोतवाली चौक और महरौली क्षेत्र से जुड़ी जगहों पर उनके गिरफ्तार साथियों में से प्रतिदिन सौ-सौ सिखों को कई दिनों तक सार्वजनिक रूप से मौत के घाट उतारा गया। फिर उनके सिर काटकर सड़कों के मोड़ों पर टाँग दिए गए। मुगल सत्ता का उद्देश्य आतंक फैलाना और लोगों को चेतावनी देना था कि साम्राज्य के विरुद्ध खड़े होने वालों का अंजाम क्या होगा। लेकिन यह आतंक सिखों के अटूट विश्वास को डिगा नहीं सका। एक-एक करके सिंह शहादत का जाम पीते गए, लेकिन किसी ने भी अधीनता स्वीकार नहीं की। न अत्याचार उनके विश्वास को खरीद सका और न ही मृत्यु का भय उन्हें झुका सका।
इस दर्दनाक गाथा का सबसे हृदयविदारक और वैराग्यपूर्ण पक्ष बाबा बंदा सिंह बहादुर के मासूम पुत्र बाबा अजय सिंह का बलिदान है। मुगल शासकों ने बाबा जी के अडिग विश्वास को तोड़ने के लिए उनके मासूम पुत्र को पिता के सामने शहीद कर दिया। इसके बाद बालक का हृदय निकालकर बाबा बंदा सिंह बहादुर के मुँह में ठूँस दिया गया। यह क्रूरता मानवता के इतिहास का अत्यंत दर्दनाक अध्याय है।
एक पिता के सामने उसके नन्हे लाडले पुत्र की हत्या कर देना और उसका हृदय निकालकर उसके मुँह में डाल देना—इससे बड़ी मानसिक पीड़ा की कल्पना करना भी कठिन है। लेकिन बाबा बंदा सिंह बहादुर ने अपने पुत्र की शहादत और असहनीय यातनाओं के बावजूद अपना विश्वास नहीं छोड़ा। उनकी चुप्पी में एक पिता का अथाह दर्द भी था और गुरु के भाणे में अटूट भरोसा भी। उनकी अडिगता ने अत्याचारियों की ताकत को नैतिक रूप से बौना कर दिया। वे अपने शरीर पर हो रहे अत्याचार सहते रहे, लेकिन अपने विश्वास और सिद्धांतों से एक कदम भी पीछे नहीं हटे। अंततः जून 1716 में बाबा बंदा सिंह बहादुर ने असहनीय यातनाएँ सहते हुए अद्वितीय शहादत प्राप्त की और सिख इतिहास में अटूट विश्वास, वीरता तथा बलिदान का अमिट अध्याय लिख दिया।
सिख इतिहास में बाबा बंदा सिंह बहादुर के प्रारंभिक जीवन के बारे में समकालीन और विस्तृत जानकारी देने वाली रचनाएँ बहुत कम मिलती हैं। उनके जीवन के बारे में अधिक जानकारी वर्ष 1708 में नांदेड़ में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से मिलाप और उसके बाद पंजाब में बिताए लगभग सात-आठ वर्षों से संबंधित है। उनके बारे में ऐतिहासिक शोध के लिए फारसी स्रोतों में ‘अखबार-ए-दरबार-ए-मुअल्ला’, मुहम्मद कासिम का ‘इबरतनामा’, मिर्जा मुहम्मद का ‘इबरतनामा’, हाजी कामवर खान की ‘तज़किरात-उल-सलातीन चुगता’ और खाफी खान की ‘मुन्तखब-उल-लुबाब’ जैसी रचनाएँ शामिल हैं। इनमें दर्ज बाबा जी के संघर्ष, गिरफ्तारी और शहादत से संबंधित विवरणों को लेखकों के समय, राजनीतिक वातावरण और दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर परखने की आवश्यकता है।
पंजाबी ऐतिहासिक लेखन में केसर सिंह छिब्बर की ‘बंसावलीनामा दसां पातशाहियां का’ विशेष महत्त्व रखती है, जिसे लगभग 1769 में लिखा गया माना जाता है। इसके अतिरिक्त ढाडी नथ मल का फारसी ग्रंथ ‘अमरनामा’ भी एक महत्त्वपूर्ण स्रोत है। कोयर सिंह की ‘गुर बिलास पातशाही दसवीं’, सरूप सिंह कौशिश की ‘गुरु कीआं साखियां’, रतन सिंह भंगू की ‘प्राचीन पंथ प्रकाश’, कवि संतोख सिंह का ‘सूरज प्रकाश ग्रंथ’, ज्ञानी ज्ञान सिंह का ‘श्री गुर पंथ प्रकाश’ और सरूप दास भल्ला की ‘महिमा प्रकाश’ भी सिख इतिहास की चर्चाओं में संदर्भ के रूप में इस्तेमाल की जाती हैं। हालांकि, इन रचनाओं के लेखन-काल, उद्देश्य और आपसी स्रोत-संबंधों की जाँच करना आवश्यक है।
बाबा बंदा सिंह बहादुर के व्यक्तित्व के बारे में पुरानी रचनाओं और बाद के वृत्तांतों में अलग-अलग धारणाएँ मिलती हैं। गुरु गोबिंद सिंह जी के साथ उनके संबंधों, रहित-मर्यादा और जीवन की कुछ घटनाओं को लेकर भी मतभेद हैं। कुछ रचनाएँ उन्हें गुरु साहिब के आदेशों से अलग हुआ दर्शाती हैं, जबकि अन्य वृत्तांत उनकी गुरु-निष्ठा और बलिदान को प्रमुखता देते हैं।
इन मतभेदों के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए डॉ. सुखदयाल सिंह की पुस्तक ‘बंदा सिंह बहादुर: ऐतिहासिक अध्ययन’ भी उल्लेखनीय है। यह पुस्तक बाबा जी के व्यक्तित्व और उनके बारे में प्रचलित ऐतिहासिक धारणाओं को समझने के लिए शोध-आधारित दृष्टिकोण प्रदान करती है।
अंग्रेज इतिहासकार विलियम इरविन ने अपनी पुस्तक ‘लेटर मुगल्स’ में इस सामाजिक परिवर्तन का उल्लेख किया है। उनके वर्णन के अनुसार, बाबा जी की सेना में शामिल होने वाले निम्न समझे जाने वाले वर्गों के लोग अपने घरों को शासक बनकर लौटते थे और समाज के धनी लोग भी उनका स्वागत करते थे। यह विवरण उस सामाजिक परिवर्तन की ओर संकेत करता है, जिसके माध्यम से बाबा जी ने आम लोगों में स्वाभिमान और अधिकारों की भावना जगाई। यह गुरु गोबिंद सिंह जी के उस आदर्श की पूर्ति थी, जिसमें गरीब और विनम्र सिखों को पातशाही देने की कल्पना की गई थी।
बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख कौम के महानायक हैं, लेकिन न्याय, समानता और मानवीय गरिमा के लिए उनका संघर्ष व्यापक मानवीय महत्त्व भी रखता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी वीरता और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया है। महान शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की अद्वितीय शहादत, अटूट विश्वास और मानवीय गरिमा के लिए किए गए संघर्ष को लाख-लाख बार नमन करता हूँ।