Santiago में हाईवे पर लिक्विड गैस ले जा रहा टैंकर पलटने के बाद हुए जोरदार धमाके में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसा गुरुवार सुबह रेंका इलाके में जनरल वेलास्केज़ एवेन्यू और रूट 5 नॉर्थ के चौराहे पर हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक रेलिंग से टकराकर पलट गया और कुछ ही पलों में उसमें विस्फोट हो गया। टैंकर स्थानीय गैस कंपनी Gasco का था। धमाके में ट्रक ड्राइवर की भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले जहरीली गैस का घना गुबार फैला और फिर आग का बड़ा गोला बन गया। विस्फोट का असर 150 से 200 मीटर तक महसूस किया गया। फायर ब्रिगेड के अनुसार कम से कम 50 वाहन जलकर खाक हो गए या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए, जबकि आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।
Claudio Orrego ने बताया कि एक घायल व्यक्ति 100 प्रतिशत झुलस गया है और उसकी हालत बेहद गंभीर है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर जान बचाते नजर आ रहे हैं।