आधी फरवरी बीत चुकी है। दिनों के लिहाज़ से यह साल का सबसे छोटा महीना होता है, लेकिन छुट्टियों के मामले में यह अक्सर आगे रहता है। ऐसे में अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम—जैसे चेक क्लियरेंस, केवाईसी अपडेट, पासबुक एंट्री या लोन से संबंधित कागजी कार्रवाई—करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लें। वरना आपकी प्लानिंग प्रभावित हो सकती है।
आधी फरवरी के बाद देश के अलग-अलग राज्यों में कुल 6 दिन बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। इनमें रविवार, चौथा शनिवार और क्षेत्रीय त्योहारों की छुट्टियां शामिल हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम सेवाएं चालू रहेंगी, जिससे डिजिटल लेन-देन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
इन तारीखों को कैलेंडर में कर लें मार्क
-
15 फरवरी: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
-
18 फरवरी: लोसार – सिक्किम (गंगटोक) में बैंक बंद
-
19 फरवरी: छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती – महाराष्ट्र (मुंबई, नागपुर, बेलापुर सहित) में अवकाश
-
20 फरवरी: राज्य स्थापना दिवस – अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में बैंक बंद
-
22 फरवरी: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
-
28 फरवरी: चौथा शनिवार – पूरे देश में बैंक बंद
लोकल त्योहारों का असर
18 फरवरी को सिक्किम में लोसार पर्व के चलते बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। 19 फरवरी को महाराष्ट्र में वीर सपूत छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर राज्यभर में बैंक बंद रहेंगे। वहीं 20 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम अपने स्थापना दिवस के अवसर पर अवकाश मनाएंगे, जिससे वहां भी बैंकिंग कामकाज नहीं होगा।