सुप्रीम कोर्ट ने चंडीगढ़ की सुखना झील के लगातार सूखने पर गंभीर चिंता जताते हुए बिल्डर माफिया और नौकरशाहों की मिलीभगत पर कड़ी टिप्पणी की है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, “सुखना झील को और कितना सुखाओगे?” और आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण में हो रहे अवैध निर्माण से झील नष्ट हो रही है।
सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ 1995 से लंबित पर्यावरण संबंधी जनहित याचिका ‘इन रे: टीएन गोदावर्मन थिरुमुलपाद’ में दायर अंतरिम आवेदनों पर सुनवाई कर रही थी।
अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि जंगलों और झीलों से जुड़े मामले हाई कोर्ट को छोड़कर सीधे सुप्रीम कोर्ट क्यों लाए जा रहे हैं। साथ ही संकेत दिया कि कुछ मामलों में निजी डेवलपर्स के इशारे पर “दोस्ताना मुकदमेबाजी” हो रही है।
गौरतलब है कि सुखना झील के जलग्रहण क्षेत्र को अतिक्रमण से बचाने के लिए हाई कोर्ट ने 2020 में संरक्षित क्षेत्र में बनी संरचनाओं को गिराने के आदेश दिए थे।