सऊदी अरब के सबसे बुजुर्ग माने जाने वाले शख्स नासिर बिन रदान अल राशिद अल वदई का 142 साल की उम्र में इंतकाल हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी जनाज़े की नमाज़ दक्षिणी सऊदी अरब के धहरान अल जनूब में अदा की गई, जिसके बाद उन्हें उनके पैतृक गांव अल राशिद में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। उन्हें आखिरी विदाई देने के लिए करीब 7,000 से ज्यादा लोग पहुंचे।
नासिर अल वदई का जन्म 1884 में हुआ था, उस दौर में जब सऊदी अरब का एकीकरण भी नहीं हुआ था। उन्होंने किंग अब्दुलअज़ीज़ के शासन से लेकर मौजूदा बादशाह किंग सलमान तक का समय देखा। उनका जीवन सऊदी अरब के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक बदलावों का जीता-जागता दस्तावेज माना जा रहा है। लोग उन्हें उस पीढ़ी का आखिरी गवाह बताते हैं, जिसने सऊदी अरब को कबीलाई समाज से आधुनिक राष्ट्र बनते देखा।
परिवार के अनुसार नासिर अल वदई बेहद धार्मिक और सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले इंसान थे। उन्होंने अपने जीवन में 40 से अधिक बार हज अदा किया, जो अपने आप में एक दुर्लभ उदाहरण है। यही कारण है कि उन्हें लंबी उम्र के साथ-साथ मजबूत ईमान, सब्र और इबादत का प्रतीक माना जाता है।
बताया जाता है कि नासिर अल वदई ने अपने जीवन में कुल 7 शादियां कीं और उनका परिवार 134 से अधिक सदस्यों का है, जिसमें बच्चे और पोते-पोतियां शामिल हैं। उन्होंने 110 साल की उम्र में आखिरी शादी की थी और उस उम्र में भी एक बेटी के पिता बने। सोशल मीडिया पर उनके जीवन से जुड़े कई किस्से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें लोग हैरत और सम्मान के साथ देख रहे हैं।
नासिर अल वदई की मौत को सिर्फ एक व्यक्ति का निधन नहीं, बल्कि एक पूरे दौर के अंत के रूप में देखा जा रहा है। उनके जीवन को सऊदी अरब के इतिहास में एक मिसाल के तौर पर याद किया जाएगा।