भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने गुरुवार (19 फरवरी) को अपनी मंगेतर सोफी शाइन के साथ संगीत नाइट की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए धवन ने लिखा, “संगीत नाइट. ऑलमोस्ट धवन परिवार.”
धवन ने जनवरी में सोफी के साथ अपनी सगाई की पुष्टि की थी। उस समय उन्होंने लिखा था, “एक जैसी मुस्कान से लेकर एक जैसे सपनों तक. हमारी सगाई के लिए प्यार, आशीर्वाद और हर शुभकामना के लिए शुक्रगुजार हूं, क्योंकि हमने हमेशा के लिए साथ रहने का फैसला किया है – शिखर और सोफी.”
दिल्ली-एनसीआर में हो सकती है शादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की शादी दिल्ली-एनसीआर में होने की संभावना है। इस खास मौके पर क्रिकेट जगत और बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कौन हैं सोफी शाइन?
आयरलैंड में जन्मी सोफी शाइन का शैक्षणिक रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। उन्होंने अपनी पढ़ाई आयरलैंड में पूरी की और लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की।
सोफी ने कैसलरॉय कॉलेज में भी अध्ययन किया है और वर्तमान में अबू धाबी में नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
इसके अलावा, वह शिखर धवन की समाजसेवी पहल “शिखर धवन फाउंडेशन” (दा वन स्पोर्ट्स की सामाजिक शाखा) की हेड भी हैं।
क्रिकेट सितारों को अक्सर ग्लैमर वर्ल्ड की हस्तियों से जोड़ा जाता है, लेकिन सोफी का प्रोफेशनल बैकग्राउंड उन्हें इस मामले में अलग पहचान देता है।