नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार चार नए लेबर कोड लागू करने की तैयारी में है, जिनके लागू होने से सैलरी स्ट्रक्चर, पीएफ, ग्रेच्युटी, काम के घंटे, नाइट शिफ्ट और जॉब सिक्योरिटी से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव होंगे। इन बदलावों का असर सिर्फ प्राइवेट और ऑर्गनाइज्ड सेक्टर के कर्मचारियों पर ही नहीं, बल्कि कॉन्ट्रैक्ट और गिग वर्कर्स पर भी पड़ेगा।
नए वेज कोड के तहत अब बेसिक सैलरी और अलाउंस मिलाकर कुल वेतन का कम से कम 50 फीसदी होना अनिवार्य होगा। इससे पीएफ और ग्रेच्युटी की रकम बढ़ेगी, हालांकि कुछ कर्मचारियों की इन-हैंड सैलरी थोड़ी कम हो सकती है। सरकार ने यह भी साफ किया है कि पीएफ कटौती 15,000 रुपये की सीमा तक रहने से टेक-होम सैलरी पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
सरकार एक नेशनल फ्लोर वेतन तय करेगी, जिसे सभी राज्यों को मानना होगा। इससे कम सैलरी पाने वाले कर्मचारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। सैलरी भुगतान में देरी पर रोक लगेगी और हर कर्मचारी को सैलरी स्लिप देना अनिवार्य होगा।
ग्रेच्युटी के नियमों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब फिक्स्ड टर्म कर्मचारी भी एक साल की नौकरी के बाद ग्रेच्युटी के हकदार होंगे। 20 या उससे अधिक कर्मचारियों वाली कंपनियों में पीएफ और ईएसआईसी लागू होगा, जिससे कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को भी सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
पहली बार गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को कानूनी पहचान दी गई है और उनके लिए सोशल सिक्योरिटी फंड बनाया जाएगा। वर्किंग आवर्स की बात करें तो 8 घंटे का वर्किंग डे और 48 घंटे का वर्किंग वीक तय किया गया है, हालांकि चार दिन काम करने पर एक दिन में 12 घंटे तक काम हो सकता है।
इसके अलावा, हर कर्मचारी को लिखित अपॉइंटमेंट लेटर देना अनिवार्य होगा, जिसमें सैलरी ब्रेकअप, काम के घंटे, छुट्टियां और सोशल सिक्योरिटी से जुड़े अधिकार साफ-साफ लिखे होंगे। नए लेबर कोड से नौकरी के नियमों में बड़ा बदलाव आने वाला है, जिसे हर कर्मचारी के लिए समझना जरूरी हो गया है।