चंडीगढ़/हरियाणा :बढ़ती ठंड के साथ हरियाणा में घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रविवार तड़के राज्य के अलग-अलग इलाकों में कोहरे के कारण कई भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें बसों, ट्रकों, कारों और दोपहिया वाहनों समेत दर्जनों गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसों के बाद कई सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
पहली बड़ी दुर्घटना हिसार में नेशनल हाईवे-52 पर धिकटाना मोड़ के पास हुई। यहां घने कोहरे के चलते हरियाणा रोडवेज की दो बसें समेत कई वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर अफरातफरी मच गई और यातायात घंटों बाधित रहा।
दूसरी घटना कैथल में सामने आई, जहां रोडवेज की एक बस पहले डंपर से टकराई और फिर कई अन्य वाहनों की चपेट में आ गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक और बस भी हादसे में शामिल हो गई। कोहरे के कारण एक कार और एक मोटरसाइकिल भी इन वाहनों से टकरा गई।
इसी तरह रोहतक के महम क्षेत्र में कोहरे की वजह से बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां 35 से 40 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
एक अन्य गंभीर दुर्घटना रेवाड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-352 पर हुई। यहां सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण कुछ मीटर दूर तक भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान तीन से चार बसें आपस में बुरी तरह टकरा गईं। बसों में सवार कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हालांकि, इन हादसों में घायल हुए अधिकांश लोगों को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस के अनुसार, केवल एक मोटरसाइकिल सवार को ज्यादा चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, धीमी गति रखें और फॉग लाइट का प्रयोग करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।