मोबाइल ऐप आधारित ऑनलाइन कैब सर्विस प्रदाता ओला कंज्यूमर ने मंगलवार को देशभर में नॉन-एसी कैब सर्विस की शुरुआत की है। कंपनी के अनुसार यह नई सुविधा ओला को भारत में बड़े पैमाने पर यात्रियों को नॉन-एसी यात्रा विकल्प देने वाली पहली कैब कंपनी बनाती है। इस पहल से यात्रियों को अधिक विकल्प देने की ओला की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। किफायती यात्रा के लिए नई सर्विस ओला कंज्यूमर के प्रवक्ता ने बताया कि नॉन-एसी कैब सर्विस की शुरुआत भारत के उन लाखों यात्रियों को ध्यान में रखकर की गई है, जो रोजमर्रा में किफायती और मूल्य-आधारित परिवहन विकल्प चाहते हैं। प्रवक्ता ने कहा, "इस सेवा के जरिए हम भारत में शहरी परिवहन को और अधिक सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। शुरुआती प्रतिक्रिया बहुत सकारात्मक है, जिससे पता चलता है कि भारत पारदर्शी और उचित मूल्य वाली यात्रा सेवाओं की कितनी जरूरत महसूस करता है।" ड्राइवरों को भी होगा फायदा ओला के अनुसार, नॉन-एसी कैब सर्विस न सिर्फ यात्रियों बल्कि ड्राइवरों के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। नॉन-एसी कैब होने से एसी का उपयोग कम होगा, ईंधन की खपत घटेगी, ड्राइवरों की लागत कम होगी, और वे अधिक आय अर्जित कर सकेंगे। इसके साथ ही यह सुविधा उन यात्रियों तक ड्राइवरों की पहुंच बढ़ाएगी, जो कम किराये वाली कैब को प्राथमिकता देते हैं। पहले उपलब्ध नहीं था नॉन-एसी का विकल्प अब तक किसी भी प्रमुख ऑनलाइन कैब ऐप में एसी या नॉन-एसी कैब चुनने का विकल्प नहीं दिया जाता था। यात्रियों को जो किराया दिखाया जाता था, उसमें एसी का खर्च शामिल होता था, जबकि सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसी शिकायतें सामने आती थीं कि कई ड्राइवर एसी चलाने में अनिच्छा दिखाते हैं। ओला की नई सर्विस को इस समस्या को दूर करने और यात्रियों को सस्ता, सरल और पारदर्शी विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।