नई दिल्ली, 13 नवंबर 2025: दिल्ली धमाके की जांच के बाद अब सरकार ने हरियाणा की अल-फलाह यूनिवर्सिटी की फंडिंग की ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) से जांच कराने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी के खातों का फॉरेंसिक ऑडिट भी कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि धमाके से जुड़े एक डॉक्टर इसी यूनिवर्सिटी में पढ़ाते थे, जिसके बाद संस्था जांच के घेरे में आ गई है। शीर्ष सरकारी सूत्रों ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को भी यूनिवर्सिटी के कामकाज पर गौर करने के निर्देश मिले हैं। इससे पहले एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) इस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन अब ईडी और ईओडब्ल्यू भी इसमें शामिल हो गई हैं। यूनिवर्सिटी कैंपस में सर्च ऑपरेशन हमले के अगले दिन मंगलवार को अल-फलाह यूनिवर्सिटी में बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया गया था। कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। हरियाणा के डीजीपी ओ.पी. सिंह ने कहा कि “यूनिवर्सिटी में आतंकी नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।” डॉ. फारूक की गिरफ्तारी से बढ़ा शक इस बीच हापुड़ के जीएस मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. फारूक को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। जम्मू निवासी डॉ. फारूक ने एमबीबीएस और एमडी अल-फलाह यूनिवर्सिटी से की थी। पुलिस को शक है कि उनका भी आतंकी संगठन से संबंध हो सकता है। एनएएसी का नोटिस इधर, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) ने भी यूनिवर्सिटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी ने अपनी वेबसाइट पर गलत तरीके से एनएएसी ग्रेडिंग का दावा किया, जबकि न तो उसे मान्यता प्राप्त है और न ही उसने मान्यता के लिए आवेदन किया है। सरकारी एजेंसियां अब फंडिंग, फैकल्टी और प्रशासनिक नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं ताकि किसी भी आतंकी फंडिंग या नेटवर्किंग का खुलासा किया जा सके।