नई दिल्ली, 13 नवंबर 2025: दिल्ली के लाल किले के करीब हुए बम धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और लगातार छापेमारी कर रही हैं। अब तक कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता के कारण आतंकियों की साजिश बड़े नुकसान में नहीं बदल सकी। हालांकि, इस हमले के बाद केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। कांग्रेस नेता एम वीरप्पा मोइली ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि “क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि आतंकी डॉ. मोहम्मद उमर फरीदाबाद से दिल्ली के लाल किले तक कार चलाकर आता है और किसी ने उसे रोका तक नहीं? यह सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी है। सरकार को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।” मोइली ने यह भी दावा किया कि आतंकी मॉड्यूल को पहले ही बेनकाब किया जा सकता था, जिससे यह वारदात टल सकती थी। कश्मीर के सीएम की अपील उधर, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि “सभी कश्मीरी आतंकवादी नहीं होते हैं।” उन्होंने कहा कि कुछ गिने-चुने लोगों की हरकतों से पूरे प्रदेश की छवि खराब नहीं की जानी चाहिए। सुप्रिया श्रीनेत ने पाकिस्तान को लेकर उठाए सवाल कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सरकार ने भले ही इस घटना को आतंकवादी हमला माना हो, लेकिन पाकिस्तान पर एक शब्द तक नहीं कहा। उन्होंने सवाल किया, “क्या भारत में कोई भी आतंकी हमला पाकिस्तान की मदद के बिना हो सकता है? सरकार आखिर पाकिस्तान पर कार्रवाई की बात क्यों नहीं करती?” इस बीच, सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली-एनसीआर में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं और सूत्रों के मुताबिक, कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही इस हमले की साजिश के तार पूरी तरह बेनकाब किए जाएंगे।