नई दिल्ली, 13 नवंबर 2025: दिल्ली के लाल किले के नजदीक हुए भीषण बम धमाके में 10 से अधिक लोगों की मौत के बाद जांच अब देश के शीर्ष अधिकारियों के हवाले कर दी गई है। इस केस की कमान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के साथ-साथ कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को सौंपी गई है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं आईपीएस अधिकारी शाहिदा परवीन गांगुली, जिन्हें लोग ‘लेडी सिंघम’ के नाम से जानते हैं। ब्लास्ट के बाद शाहिदा परवीन को उस जगह देखा गया, जहां कार में विस्फोट हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने मौके पर खुद जांच की बागडोर संभाली और टीमों को शुरुआती दिशा-निर्देश दिए। माना जा रहा है कि शाहिदा को इस केस में शामिल किया गया है ताकि आतंकवाद और अंतरराज्यीय साजिश के कोणों की बारीकी से जांच की जा सके। कश्मीर की एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अफसर कश्मीर की रहने वाली शाहिदा परवीन गांगुली एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अफसर के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर में 300 से ज्यादा आतंकी ऑपरेशनों में हिस्सा लिया और कई खतरनाक आतंकियों को ढेर किया है। वह जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में कमांडो के रूप में काम कर चुकी हैं। आतंकियों के लिए उनका नाम किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। संघर्षों से बनी ‘लेडी सिंघम’ शाहिदा परवीन का जन्म जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हुआ था। बचपन में पिता के निधन के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी खुद उठाई। ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद उन्होंने बिना किसी को बताए पुलिस सेवा में आवेदन किया और चयनित हुईं। उनकी मां ने इस सफर में उनका पूरा साथ दिया। ‘डर नाम की कोई चीज नहीं होती’ शाहिदा का कहना है कि “डर नाम की कोई चीज नहीं होती। जब बच्चों को बड़ा करें, तो उन्हें यह मत सिखाइए कि वे कमजोर हैं, बल्कि उन्हें हौसला देना चाहिए।” अब लाल किला धमाका केस में उनकी तैनाती से जांच में नई तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि शाहिदा की ऑपरेशनल समझ और आतंक विरोधी अनुभव इस केस के गहराई तक पहुंचने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल, एनआईए और दिल्ली पुलिस की टीमें मिलकर इस धमाके की हर कड़ी जोड़ने में जुटी हैं।