धमतरी (छत्तीसगढ़), 13 नवंबर 2025: धमतरी जिले के रिसाई पारा में एक युवक की आत्महत्या के बाद उसके परिजनों ने बड़ा और प्रेरणादायक फैसला लेते हुए उसकी आंखें दान कर दीं। परिवार का कहना है कि वे चाहते थे कि उनके बेटे की मौत के बाद भी कोई उसकी आंखों से दुनिया देख सके।
धमतरी जिला अस्पताल के डॉक्टर तेजस शाह ने बताया कि 28 वर्षीय सोयम वाधवानी को अस्पताल लाया गया था, जहां उसे मृत घोषित किया गया। परिजनों ने बताया कि उसने प्लास्टिक की रस्सी से आत्महत्या की थी। इसके बाद परिवार ने अपने इकलौते बेटे का नेत्रदान करने का निर्णय लिया, जिसके तहत अस्पताल में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई।
सोयम के परिजन अशोक वाधवानी ने कहा कि नेत्रदान सबसे बड़ा दान है, जिससे किसी और को जीवन में नई रोशनी मिल सकती है। इस कदम की शहर के सिंधी समाज समेत पूरे धमतरी में सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि परिवार ने दुख की घड़ी में भी समाज के लिए एक मिसाल पेश की है।